
ब्रिटेन की राजधानी लंदन से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। नॉर्थ लंदन के गोल्डर्स ग्रीन इलाके में चाकू से किए गए हमले ने सनसनी फैला दी है। इस हमले में यहूदी समुदाय के दो लोग घायल हो गए हैं। घटना उस इलाके में हुई, जहां बड़ी संख्या में यहूदी समुदाय के लोग रहते हैं। पहला हमला गोल्डर्स ग्रीन रोड पर दुकानों के बाहर हुआ, जबकि दूसरा हमला पास की एक सड़क पर यहूदी धार्मिक स्थल के बाहर किया गया। हमले में घायल दोनों लोगों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस के मुताबिक, दोनों की हालत फिलहाल स्थिर बनी हुई है। घटना के कुछ ही समय बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने पुलिसकर्मियों पर भी चाकू से हमला करने की कोशिश की, जिसके बाद उसे टेजर की मदद से काबू किया गया। फिलहाल, काउंटर टेरर यूनिट इस मामले की जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस हमले के पीछे कोई आतंकी साजिश तो नहीं है।

