
झारखंड के पाकुड़ में 90 दिवसीय गहन विधिक जागरूकता अभियान के तहत व्यवहार न्यायालय परिसर से प्रभात फेरी निकाली गई। यह कार्यक्रम झालसा के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार के तत्वावधान में आयोजित किया गया। प्रभात फेरी मुख्य सड़क होते हुए अंबेडकर चौक तक गई और फिर वापस न्यायालय परिसर पहुंची। इस दौरान न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं, प्रशासनिक पदाधिकारियों और पैरा लीगल वॉलंटियर्स ने भाग लिया। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश दिवाकर पांडे ने बताया कि इस अभियान के तहत अगले 90 दिनों तक जिले के ग्रामीण और सुदूर क्षेत्रों में नुक्कड़ नाटक, शिविर और जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को कानून की जानकारी दी जाएगी। साथ ही पोक्सो एक्ट समेत बच्चों से जुड़े अपराधों और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ घर-घर जाकर जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
