दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा: गैस रिसाव से कार में लगी आग, 5 लोगों की मौत

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसा: गैस रिसाव से कार में लगी आग, 5 लोगों की मौत

राजस्थान के अलवर से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर बुधवार देर रात एक भीषण हादसे में एक चलती कार अचानक आग का गोला बन गई। इस दर्दनाक हादसे में कार सवार पांच लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई। हादसा अलवर जिले के लक्ष्मणगढ़ थाना क्षेत्र में मौजपुर के पास हुआ। मृतकों में तीन महिलाएं, एक पुरुष और एक बच्चा शामिल हैं। सभी मध्य प्रदेश के निवासी बताए जा रहे हैं और वैष्णो देवी के दर्शन कर अपने घर लौट रहे थे। जानकारी के मुताबिक, परिवार ने यात्रा के लिए टैक्सी बुक की थी। देर रात जब उनकी कार दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से गुजर रही थी, तभी अचानक उसमें आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि सीएनजी और पेट्रोल से चलने वाली इस कार में गैस रिसाव के कारण आग लगी। आग इतनी तेजी से फैली कि कार में बैठे लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। हालांकि, हादसे के वक्त चालक चलती कार से कूद गया, जिससे उसकी जान बच गई। वह गंभीर रूप से झुलस गया है और जयपुर के अस्पताल में उसका इलाज जारी है। पुलिस, फायर ब्रिगेड और प्रशासन की टीमों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। शव बुरी तरह जल चुके हैं, इसलिए उनकी पहचान डीएनए जांच के जरिए की जाएगी।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *