
बिहार के सीवान जिले में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां भाजपा नेता एवं पूर्व एमएलसी मनोज कुमार सिंह के परिवार पर जानलेवा हमला हुआ। इस हमले में उनके बहनोई चंदन कुमार सिंह और भांजे हर्ष सिंह को गोली मार दी गई। घटना नगर थाना क्षेत्र के ढाला ओवरब्रिज के पास उस समय हुई जब दोनों तिलक समारोह में शामिल होने जा रहे थे। पहले उनकी गाड़ी को टक्कर मारी गई, जिसके बाद विवाद बढ़ गया और बदमाशों ने गोलीबारी कर दी। इलाज के दौरान सदर अस्पताल में हर्ष सिंह की मौत हो गई, जबकि चंदन सिंह गंभीर रूप से घायल हैं और उन्हें पटना रेफर किया गया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी का हाफ एनकाउंटर किया है और बाकी आरोपियों की पहचान कर ली गई है। मामले की जांच तेज कर दी गई है और पूरे इलाके में तनाव का माहौल है।

