रामगढ़ जिले के पतरातू प्रखंड में मैट्रिक एवं इंटर उत्तीर्ण अनुसूचित जनजाति के छात्र-छात्राओं के लिए एक विशेष कैरियर काउंसलिंग सत्र का आयोजन किया गया। आयोजन में पाकुड़ के के एम कालेज के पूर्व प्राचार्य डॉ. एस. पी. लोहरा ने डेढ़ घंटे तक विद्यार्थियों को मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने विभिन्न कैरियर विकल्पों, उच्च शिक्षा के अवसरों, सरकारी एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के साथ कौशल विकास के महत्व पर प्रकाश डाला। डॉ. एस. पी. लोहरा ने विद्यार्थियों को अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार लक्ष्य निर्धारित करने, समय प्रबंधन का पालन करने तथा निरंतर मेहनत और अनुशासन के साथ अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने बताया कि सही दिशा में किया गया प्रयास ही सफलता की कुंजी है। काउंसलिंग सत्र में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने भविष्य से संबंधित कई प्रश्न पूछे। इस कार्यक्रम से छात्रों को अपने कैरियर को लेकर स्पष्ट दिशा मिली और उनका आत्मविश्वास भी बढ़ा। यह कैरियर काउंसलिंग कार्यक्रम विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।

