इंडोनेशिया से इस वक्त की बड़ी खबर… जहां एक भीषण ट्रेन हादसे ने पूरे देश को झकझोर दिया है। राजधानी जकार्ता के पास बेकाशी में दो ट्रेनों के बीच जोरदार टक्कर हो गई… जिसमें अब तक 14 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 80 से ज्यादा यात्री घायल बताए जा रहे हैं। यह हादसा जकार्ता के बाहरी इलाके बेकाशी रेलवे स्टेशन के पास हुआ… जो देश के सबसे व्यस्त रेल मार्गों में से एक माना जाता है। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रेन के डिब्बे बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए… और कई यात्री अंदर फंस गए। मौके पर पहुंची राहत और बचाव टीमों ने तुरंत ऑपरेशन शुरू किया… लेकिन मलबे में फंसे लोगों को निकालना काफी चुनौतीपूर्ण बना हुआ है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रेस्क्यू टीम एंगल ग्राइंडर की मदद से डिब्बों को काटकर यात्रियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है… और घायलों को पास के अस्पतालों में भर्ती कराया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसा एक टैक्सी के रेलवे ट्रैक पर आने से शुरू हुआ… कम्यूटर ट्रेन पहले टैक्सी से टकराई और फिर अचानक रुक गई… जिसके बाद पीछे से आ रही दूसरी ट्रेन उससे भिड़ गई। बताया जा रहा है कि इस हादसे में महिलाओं के लिए आरक्षित डिब्बा सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ… जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद इंडोनेशिया के राष्ट्रपति ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना… और हादसे की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। सरकार ने भविष्य में ऐसे हादसों को रोकने के लिए रेलवे क्रॉसिंग पर सुरक्षा बढ़ाने और फ्लाईओवर बनाने की बात भी कही है। फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है… और कई लोग अब भी अपने परिजनों की तलाश में जुटे हुए हैं।

