अफ्रीकी देश चाड से बड़ी खबर सामने आ रही है… जहां पानी को लेकर विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। चाड के पूर्वी हिस्से में दो समुदायों के बीच पानी के स्रोत पर अधिकार को लेकर शुरू हुआ विवाद… देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। इस हिंसा में कम से कम 42 लोगों की मौत हो गई है… जबकि 10 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। चाड के उप-प्रधानमंत्री लिमाने महामत के मुताबिक, यह झड़प सूडान सीमा के पास वादी फिरा प्रांत के इगोटे गांव में हुई… और मामला प्रतिशोध की श्रृंखला में बदल गया, जिससे हालात और बिगड़ गए। स्थिति को काबू में करने के लिए सेना

को हस्तक्षेप करना पड़ा… और सरकार का दावा है कि अब हालात नियंत्रण में हैं। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है… वहीं फोरेंसिक और प्रशासनिक टीमें पूरे मामले की जांच में जुट गई हैं। सरकार ने इस हिंसा के बाद न्यायिक कार्रवाई शुरू करने और पारंपरिक मध्यस्थता प्रक्रिया लागू करने का भी ऐलान किया है। बताया जा रहा है कि चाड के इस क्षेत्र में पहले भी संसाधनों को लेकर ऐसे संघर्ष होते रहे हैं… और हाल ही में सूडान से आए शरणार्थियों की वजह से पानी और जमीन पर दबाव और बढ़ गया है। यही कारण है कि सरकार अब सीमा क्षेत्रों में सुरक्षा और सख्त करने की बात कह रही है।

