झारखंड के हजारीबाग जिले से शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़ा करने वाली एक तस्वीर सामने आई है। केरेडारी प्रखंड के पचड़ा स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय में औचक निरीक्षण के दौरान चौंकाने वाला मामला सामने आया। पंचायत मुखिया महेश प्रसाद साव जब सुबह करीब 9:30 बजे स्कूल पहुंचे… तो वहां का नजारा देखकर हैरान रह गए। जहां एक ओर रसोइया आराम करती नजर आई… वहीं कक्षा 6 की दो छात्राओं से मिड-डे मील के लिए सब्जी कटवाई जा रही थी। यह देखते ही मुखिया ने तुरंत प्रधानाचार्य दुखहरण महतो और रसोइया से जवाब मांगा… लेकिन संतोषजनक उत्तर नहीं

मिलने पर दोनों को फटकार लगाई। मुखिया ने साफ चेतावनी दी कि भविष्य में बच्चों से किसी भी तरह का काम नहीं कराया जाए… क्योंकि यह शिक्षा का अधिकार अधिनियम के तहत बाल श्रम की श्रेणी में आता है। उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों से पूरे मामले की जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। इस घटना ने एक बार फिर स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा और अधिकारों को लेकर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।

