उत्तर प्रदेश इस वक्त भीषण गर्मी और लू की चपेट में है। अप्रैल महीने में ही जून जैसी तपिश महसूस की जा रही है। सूरज की तीखी किरणें और गर्म हवाएं लोगों की मुश्किलें लगातार बढ़ा रही हैं। प्रदेश में तापमान खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है। बांदा एक बार फिर सबसे गर्म जिला रहा, जहां पारा 47 डिग्री के पार दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटों में बांदा का अधिकतम तापमान 46.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि इससे पहले यहां तापमान 47.4 डिग्री तक पहुंच चुका है। यही नहीं, बांदा देश के सबसे गर्म शहरों में भी शामिल रहा। सोमवार सुबह से ही तेज धूप ने लोगों को बेहाल कर

दिया। आसमान में बादलों की आवाजाही जरूर देखी गई, लेकिन गर्म हवाओं और लू ने राहत की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। भीषण गर्मी का असर स्वास्थ्य पर भी साफ दिखाई दे रहा है। अस्पतालों में उल्टी, दस्त के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। इस बीच, भारतीय मौसम विभाग ने प्रदेश के 60 जिलों में लू का अलर्ट जारी किया है। वहीं, 14 जिलों में बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है। ऐसे में मौसम का यह दोहरा मिजाज लोगों के लिए चुनौती बन गया है।

