झारखंड में आज से मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। राजधानी रांची समेत कई जिलों में तेज हवाएं, बारिश और ओलावृष्टि का अनुमान है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी। मौसम विभाग के अनुसार, अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। 2 मई तक राज्य के अलग-अलग हिस्सों में बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है। मेघ गर्जन और वज्रपात को लेकर येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। रविवार को रांची का तापमान करीब 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पलामू सबसे गर्म रहा, जहां तापमान 44.9

डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। इसके अलावा सरायकेला, पूर्वी सिंहभूम और गुमला में भी तापमान 40 डिग्री के पार रहा। मौसम विभाग के मुताबिक 27 अप्रैल को संताल परगना, रांची, बोकारो और हजारीबाग में 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं, ओलावृष्टि और वज्रपात की संभावना है। वहीं 28 से 30 अप्रैल तक राज्य के कई हिस्सों में यही स्थिति बनी रह सकती है, जबकि 1 और 2 मई को भी पूरे झारखंड में गर्जन के साथ तेज हवाएं और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।

