पश्चिम बंगाल के चुनावी माहौल के बीच मुख्यमंत्री ममता बनर्जी एक बार फिर अपने अलग अंदाज में नजर आईं। कोलकाता के भवानीपुर में पदयात्रा और जनसभा के बाद ममता बनर्जी अचानक स्थानीय सब्जी बाजार पहुंच गईं, जहां उन्होंने सब्जियां और फल खरीदे और आम लोगों से बातचीत की। ‘दीदी-दीदी’ के नारों के बीच ममता ने लोगों से हाथ मिलाया, मालाएं स्वीकार कीं और

सुरक्षाकर्मियों को भीड़ को दूर न करने की हिदायत दी। उनका यह सादगी भरा अंदाज लोगों को काफी पसंद आया। इससे पहले उन्होंने भवानीपुर में पदयात्रा की, जहां ढाक की धुन और पुरुलिया के छऊ नृत्य ने माहौल को उत्सव जैसा बना दिया। रैली के दौरान ‘बंगाल जीतेगा’ जैसे नारों से पूरा इलाका गूंज उठा। ममता बनर्जी का यह कदम ऐसे समय में सामने आया है, जब हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ‘झालमुड़ी ब्रेक’ भी चर्चा में रहा था। ऐसे में उनका बाजार जाना राजनीतिक संदेश के तौर पर भी देखा जा रहा है।

