हजारीबाग अस्पताल में लापरवाही की हद, गर्मी में मरीज बेहाल, ऑक्सीजन सप्लाई तक प्रभावित हजारीबाग के शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में प्रबंधन की गंभीर लापरवाही सामने आई है, जहां भीषण गर्मी के बीच मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बिजली कटते ही अस्पताल में अंधेरा और उमस की स्थिति बन जाती है। पीएसए ऑक्सीजन प्लांट तक ठप हो जाता है, जिससे मरीजों की सांसों पर संकट खड़ा हो रहा है। स्थिति यह है कि वार्डों में लगे अधिकांश एसी खराब पड़े हैं। मेटरनिटी वार्ड में लगे 7 एसी में से एक भी काम नहीं कर रहा, वहीं पंखों की धीमी रफ्तार के कारण तीमारदार घर से टेबल फैन लाने को मजबूर हैं।

पेयजल की भी भारी समस्या है। ट्रामा सेंटर को छोड़कर ज्यादातर आरओ खराब हैं, जिससे मरीज और उनके परिजन भटक रहे हैं। मामले की जानकारी मिलने पर सांसद मनीष जायसवाल के निर्देश पर उनके मीडिया प्रतिनिधि रंजन चौधरी ने अस्पताल का निरीक्षण किया और अधीक्षक से कड़ी नाराजगी जताई। अस्पताल प्रबंधन ने डीजल की कमी का हवाला दिया, लेकिन सवाल उठ रहे हैं कि सोलर प्लांट और जनरेटर होने के बावजूद व्यवस्था क्यों ठप है। रंजन चौधरी ने स्वास्थ्य मंत्री और जिला प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर व्यवस्था सुधारने की मांग की है, ताकि मरीजों को राहत मिल सके

