दनुआ घाटी हादसा के मृतकों के सम्मानजनक विदाई में मुक्ति सेवा संस्थान ने निभाई संवेदनशील भूमिका, नीरज पासवान विगत दिनों दनुआ घाटी में हुई भीषण सड़क दुर्घटना में छह लोगों की दर्दनाक मौत के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई थी। हादसे के बाद पुलिस द्वारा सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल लाया गया, जहां परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। दुर्घटना के बाद की कठिन घड़ी में अस्पताल के पोस्टमार्टम हाउस में कार्यरत मुक्ति सेवा संस्थान के नीरज कुमार ने मानवता की मिसाल पेश की। उन्होंने सभी मृतकों के शवों को अत्यंत सावधानी

और सम्मान के साथ पैक कर उनके परिजनों को सौंपा, ताकि अंतिम यात्रा गरिमा के साथ पूरी हो सके। नीरज कुमार के इस संवेदनशील कार्य की परिजनों और स्थानीय लोगों ने सराहना की। शोक संतप्त माहौल में यह पहल न केवल सहारा बनी, बल्कि दुख की इस घड़ी में मानवीय संवेदनाओं को भी जीवित रखने का संदेश दे गई।

