पाकुड़ प्रवास पर आए लिट्टीपाड़ा के विधायक हेमलाल मुर्मू ने ज़िले के लिट्टीपाड़ा प्रखंड के गांवों में शुद्ध पेयजलापूर्ति की समस्या एवं उसके समाधान के बाबत जानकारी दी। विधायक हेमलाल मुर्मू ने लिट्टीपाड़ा प्रखंड के बड़ा तेलोपाड़ा गांव का जिक्र करते हुए कहा कि लिट्टीपाड़ा प्रखंड के अधिकतर गांवों में ये समस्या है क्योंकि लिट्टीपाड़ा प्रखंड का पश्चिमी इलाका एक ड्राई जोन एरिया है। उन्होंने कहा कि इस इलाके के गांवों में जलापूर्ति हेतु 270 करोड़ की योजना लगभग असफल रही है। उन्होंने कहा कि उक्त ड्राइ ज़ोन में 90 यूनिट का बोरिंग निविदा के माध्यम से होना है। उनके द्वारा पिछले

साल से ही काम शुरू किया गया है जिनमें सफलता भी मिली है और आगे भी काम निविदा के माध्यम से चलेंगे। उन्होंने कहा कि लिट्टीपाड़ा प्रखंड में ऐसे भी गांव हैं जहां बोरिंग की गाड़ी नहीं पहुंचेगी, जिसके लिए जनमन योजना के 109 करोड़ की लागत से सड़क बनेगी, ताकि बोरिंग की गाड़ी पहुंच सके। उन्होंने कहा कि लिट्टीपाड़ा प्रखंड की जलापूर्ति हेतु उनके द्वारा विधानसभा में भी मुद्दा उठाया गया था जिसमें अपेक्षित आश्वासन मिला है। लिट्टीपाड़ा प्रखंड के पश्चिमी व पूर्वी इलाकों के गांवों की जलापूर्ति की समस्या जल्द ही दूर होगी।

