मणिपुर के उखरुल जिला से बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां शुक्रवार सुबह हिंसा की दो अलग-अलग घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई है। पहली घटना मुल्लम गांव के पास हुई, जहां कुकी और नागा समुदायों के सशस्त्र समूहों के बीच भीषण गोलीबारी हुई। इस झड़प में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि महिलाओं समेत कम से कम पांच लोग घायल बताए जा रहे हैं। इतना ही नहीं, हिंसा के दौरान कई घरों को आग के हवाले कर दिया गया, जिससे इलाके में दहशत फैल गई है। बताया जा रहा है कि मृतकों के शरीर पर गोलियों के निशान मिले हैं और वे कैमोफ्लाज वर्दी में थे। सुरक्षाबलों ने

मौके पर पहुंचकर हालात को काबू में करने की कोशिश शुरू कर दी है। वहीं दूसरी घटना सिनाकेइथेई गांव के पास हुई, जहां घात लगाकर किए गए हमले में 29 वर्षीय युवक एच. जमंग की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य स्वयंसेवक गंभीर रूप से घायल हो गए। इस घटना को लेकर दोनों समुदायों के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं। नागा संगठनों ने हमले के लिए कुकी उग्रवादियों को जिम्मेदार ठहराया है, जबकि कुकी संगठनों ने इन आरोपों से साफ इनकार किया है। फिलहाल इलाके में तनाव बरकरार है और सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी गई है।

