देहरादून के परेड ग्राउंड से आज एक बड़ा सियासी संदेश निकलकर सामने आया, जहां आयोजित महिला जन आक्रोश रैली में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने धाकड़ अंदाज में विपक्ष पर जोरदार हमला बोला। हजारों की संख्या में जुटी मातृशक्ति के बीच सीएम धामी ने कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों को सीधे निशाने पर लिया। उन्होंने नारी शक्ति वंदन अधिनियम के विरोध को लेकर कांग्रेस को कठघरे में खड़ा किया और इसे महिलाओं के अधिकारों के खिलाफ बताया। अपने संबोधन में धामी ने संसद का जिक्र करते हुए कहा कि जब देश की नजर इस अहम विधेयक पर थी, तब विपक्ष का रवैया महिलाओं के सम्मान के विपरीत था। उन्होंने महाभारत का उदाहरण देते हुए कांग्रेस को कौरवों की सेना बताया और राहुल गांधी की तुलना दुर्योधन से, जबकि अखिलेश यादव को

दुशासन बताया। सीएम धामी ने कांग्रेस पर परिवारवाद का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पार्टी में महिला सशक्तिकरण सिर्फ एक परिवार तक सीमित रहा है। साथ ही प्रियंका गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि “लड़की हूं, लड़ सकती हूं” जैसे अभियान केवल दिखावा साबित हुए। उन्होंने यह भी कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए कई ठोस कदम उठाए गए हैं, जिनसे देश की महिलाएं अब हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं। संबोधन के बाद मुख्यमंत्री के नेतृत्व में पदयात्रा भी निकाली गई, जिसमें हजारों महिलाओं ने भाग लिया। रैली में महिलाओं का उत्साह और आक्रोश साफ तौर पर देखने को मिला।

