रांची से बड़ी खबर है, जहां झारखंड में निवेश को रफ्तार देने के लिए सरकार ने कमर कस ली है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर औद्योगिक विकास की समीक्षा की और बड़े निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने दावोस और यूनाइटेड किंगडम दौरे के दौरान हुए समझौता ज्ञापनों यानी MoUs को जल्द से जल्द धरातल पर उतारने के निर्देश दिए। उन्होंने साफ कहा कि ये समझौते सिर्फ कागजों तक सीमित नहीं रहने चाहिए, बल्कि इन्हें वास्तविक परियोजनाओं में बदलकर रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाए। बैठक में टेक्सटाइल, उच्च शिक्षा, फूड

प्रोसेसिंग, आईटी, क्रिटिकल मिनरल्स और पर्यटन जैसे सेक्टर में निवेश को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि निवेशकों के लिए प्रक्रियाएं आसान बनाई जाएं और उन्हें हर संभव सुविधा दी जाए। सरकार का लक्ष्य झारखंड को एक प्रमुख औद्योगिक और निवेश केंद्र के रूप में विकसित करना है। इसके लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हुए समझौतों को समयबद्ध तरीके से लागू करने पर खास फोकस किया जा रहा है।

