धनबाद के कतरास थाना क्षेत्र के राजबाड़ी रोड स्थित ग्वाला पट्टी में मंगलवार को भीषण अगलगी की घटना सामने आई। रामजी गोप और धर्मा गोप के मकान में अचानक आग लग गई, जिसमें घर का पूरा सामान जलकर राख हो गया। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक लाखों रुपए की संपत्ति का नुकसान हुआ है, हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। बताया जा रहा है कि आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट हो सकती है। सूचना मिलते ही झारखंड पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया।

स्थानीय लोगों ने भी आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन काबू पाना मुश्किल हो गया। बाद में धनबाद से पहुंची दमकल टीम ने आग पर काबू पाया। घटना की सूचना पर विधायक शत्रुघ्न महतो और पार्षद मधुमाला ने मौके पर पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की और सांत्वना दी। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने कतरास में स्थायी दमकल सुविधा की मांग उठाई है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से समय रहते निपटा जा सके।

