हजारीबाग के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत सिंघानी इलाके में ड्यूटी पर गई एक महिला चौकीदार के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक, महिला चौकीदार नोटिस तामिला कराने पहुंची थीं, तभी वहां मौजूद एक परिवार द्वारा कथित रूप से महुआ शराब से जुड़े मामले में वीडियो बनाए जाने का विरोध किया गया। आरोप है कि विरोध के बाद गीता देवी, मोना देवी और मुकेश राम ने महिला चौकीदार के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की, साथ ही मोबाइल छीनने की भी कोशिश की।

घटना की सूचना मिलते ही झारखंड पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की और गीता देवी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने कांड संख्या 64/2026 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है, जबकि मुख्य आरोपी मुकेश राम फरार है और उसकी तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पहले भी घरेलू हिंसा से जुड़े मामले सामने आ चुके हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

