झारखंड के बड़कागांव में एक खास सामाजिक और राजनीतिक माहौल उस वक्त देखने को मिला, जब कल्पना सोरेन झामुमो नेता संजीव बेदिया की बेटी निक्की कुमारी के विवाह समारोह में शामिल हुईं। यह कार्यक्रम उरीमारी जरजरा कॉलोनी में आयोजित किया गया, जहां कई मंत्री, विधायक और प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे। समारोह में कल्पना सोरेन का पारंपरिक आदिवासी रीति-रिवाज से भव्य स्वागत किया गया।

महिलाओं ने लोकगीत गाकर और लोटा-पानी से उनका अभिनंदन किया। इस दौरान लोगों में उनके साथ फोटो और सेल्फी लेने की खास उत्सुकता देखी गई। कल्पना सोरेन ने नवविवाहित जोड़े को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखमय दांपत्य जीवन की कामना की। साथ ही उन्होंने संजीव बेदिया को संगठन का समर्पित और भरोसेमंद नेता बताते हुए उनकी सराहना की। कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि, पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। वहीं, विधायक के दौरे को लेकर सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए गए थे।

