सोशल मीडिया पर एक हैरान कर देने वाला वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जो उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले का बताया जा रहा है। नेशनल हाईवे-19 पर जहानाबाद फ्लाईओवर के पास एक डीजल टैंकर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। टैंकर में भरा डीजल सड़क किनारे बने गड्ढे में फैल गया। हादसे के बाद जो हुआ, वह और भी चौंकाने वाला था। बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए और ज्वलनशील डीजल को बाल्टियों, डिब्बों और अन्य बर्तनों में भरने लगे। लोग अपनी जान की परवाह किए बिना डीजल लूटने में जुटे रहे, जबकि जरा सी चिंगारी से बड़ा हादसा हो सकता था। सूचना

मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। प्रशासन अब वायरल वीडियो के आधार पर लापरवाही बरतने वाले लोगों की पहचान कर रहा है। इस घटना ने एक बार फिर दिखा दिया कि थोड़े फायदे के लिए लोग किस तरह अपनी और दूसरों की जान खतरे में डाल देते हैं।

