पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के पहले चरण की वोटिंग से ठीक तीन दिन पहले सियासी माहौल गरमा गया है। सभी राजनीतिक दल मतदाताओं को लुभाने में पूरी ताकत झोंक रहे हैं। इसी बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को बिष्णुपुर, पुरुलिया, झारग्राम और मेदिनीपुर में रैलियां, रोड शो और जनसभाएं कर जोरदार प्रचार किया। झारग्राम में चुनावी रैली के बाद पीएम मोदी का एक अलग ही अंदाज देखने को मिला। उन्होंने अचानक अपना काफिला रुकवाया और सड़क किनारे एक दुकान पर पहुंचकर बंगाल की मशहूर झालमुड़ी का स्वाद लिया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से

बातचीत भी की, जिससे बड़ी भीड़ जमा हो गई। पीएम मोदी का यह ‘पब्लिक कनेक्ट’ सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। हालांकि, इस पर राजनीतिक बयानबाज़ी भी शुरू हो गई है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पीएम मोदी का झालमुड़ी खाना एक “ड्रामा” है। गौरतलब है कि बंगाल में 294 सीटों पर मतदान 23 और 29 अप्रैल को होगा, जबकि नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे।

