इस वक्त की बड़ी खबर राजस्थान के बालोतरा जिले से सामने आई है, जहां पचपदरा स्थित रिफाइनरी की CDU यूनिट में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही समय में पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई। घटना के बाद तुरंत दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने की कोशिशें शुरू कर दी गईं। राहत कार्य के तहत रिफाइनरी में मौजूद कर्मचारियों और सुरक्षा कर्मियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग लगने के बाद आसमान में धुएं का घना गुबार दूर-दूर तक दिखाई दे रहा था, जिससे आसपास के इलाकों में भी

चिंता का माहौल बन गया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है और प्रशासनिक व तकनीकी टीमें जांच में जुटी हुई हैं। यह घटना इसलिए भी गंभीर मानी जा रही है क्योंकि इसी रिफाइनरी का कल प्रधानमंत्री द्वारा लोकार्पण प्रस्तावित था और आज शाम मुख्यमंत्री का दौरा भी तय था। घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है।

