बिहार के भभुआ में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां बेटी की शादी की खरीदारी करने आए एक व्यक्ति की अचानक मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, भभुआ थाना क्षेत्र के महेशुआ गांव निवासी 40 वर्षीय डब्लू बिंद बाजार करने के लिए एकता चौक पहुंचे थे। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ी और वे सड़क पर गिर पड़े। आसपास के लोगों की मदद से उन्हें तुरंत सदर अस्पताल भभुआ ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, मौत का कारण हार्ट अटैक बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि 28 अप्रैल को उनकी

बेटी की शादी तय थी और उसी की तैयारी के लिए वे मुंबई से घर लौटे थे। इस घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। अस्पताल में पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया, जबकि मौजूद लोग उन्हें सांत्वना देते नजर आए। एक ओर जहां घर में शादी की खुशियां आने वाली थीं, वहीं इस घटना ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।

