झारखंड के धनबाद के बाघमारा क्षेत्र में अपराधियों ने दुस्साहस की हद पार कर दी। सोनारडीह इलाके में श्रमिक नेता शुभम यादव को उनके घर में घुसकर गोली मार दी गई। जानकारी के अनुसार, घटना के समय शुभम अपने परिवार के साथ घर में थे, तभी हथियारबंद अपराधियों ने अचानक धावा बोल दिया और ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस हमले में उन्हें तीन गोलियां लगीं। गंभीर हालत में उन्हें अशर्फी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई है। पुलिस ने मौके से चार खोखा बरामद किए हैं और आसपास के लोगों से

पूछताछ कर रही है। बताया जा रहा है कि शुभम यादव अवैध कोयला उत्खनन और भू-धंसान के खिलाफ लगातार आवाज उठा रहे थे। ऐसे में इस हमले के पीछे कोयला माफिया का हाथ होने की आशंका जताई जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है। इलाके में तनाव को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है।

