उत्तर प्रदेश के कानपुर से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां सचेंडी थाना पुलिस ने हाईटेक तरीके से नशे के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई की है। ‘ऑपरेशन व्हाइट पाउडर’ के तहत चलाए गए इस अभियान में ड्रोन तकनीक का इस्तेमाल करते हुए गांजा तस्करी के संगठित नेटवर्क का भंडाफोड़ किया गया। करीब 70 पुलिस जवानों की घेराबंदी में 7 महिलाओं समेत कुल 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मौके से 3 किलो से अधिक गांजा और करीब 92 हजार रुपये नकद भी बरामद किए हैं। इस कार्रवाई की खास बात यह रही कि पहली बार ड्रोन कैमरों की मदद से संकरी गलियों और छतों पर हो रही संदिग्ध गतिविधियों पर नजर

रखी गई। ड्रोन से मिली सटीक जानकारी के आधार पर पुलिस ने एक साथ कई जगहों पर छापेमारी की, जिससे आरोपियों को भागने का मौका नहीं मिला। जांच में सामने आया है कि यह गिरोह लंबे समय से इलाके में गांजे की सप्लाई कर रहा था और रोजाना करीब 4 से 5 लाख रुपये का अवैध कारोबार कर रहा था। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है और इससे जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।

