दिल्ली से बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां क्राइम ब्रांच ने एक हाई-रिस्क ऑपरेशन के तहत बांग्लादेशी डकैत गैंग का पर्दाफाश किया है। सराय काले खां इलाके में हुई मुठभेड़ के बाद पुलिस ने 6 बांग्लादेशी नागरिकों को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि कार्रवाई के दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसमें उन्होंने तीन गोलियां चलाईं। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी मोर्चा संभाला और सभी आरोपियों को

दबोच लिया। हालांकि इस एनकाउंटर में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 4 पिस्टल, जिंदा कारतूस और घर में सेंधमारी करने वाले कई औजार बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक यह गैंग मल्टी-स्टेट क्राइम सिंडिकेट से जुड़ा हुआ है और दिल्ली, गोवा, कर्नाटक तथा उत्तर प्रदेश सहित कई राज्यों में वांटेड था। ये लोग विशेष रूप से बुजुर्गों को निशाना बनाकर लूट और डकैती की घटनाओं को अंजाम देते थे। फिलहाल सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है, ताकि उनके नेटवर्क और भारत में अवैध घुसपैठ से जुड़े पूरे मॉड्यूल का खुलासा किया जा सके।

