विष्णुगढ़ प्रखंड स्थित कोनार डैम की नैसर्गिक सुंदरता ने नानी टगिया को मंत्रमुग्ध कर दिया। पटना उच्च न्यायालय के न्यायाधीश जस्टिस टगिया शनिवार को अपने परिवार के साथ यहां पहुंचे और पर्यटन स्थल का आनंद लिया। वे सुबह वंदे भारत एक्सप्रेस से कोडरमा पहुंचे, जहां से सड़क मार्ग से बरही होते हुए कोनार डैम पहुंचे। इससे पहले उन्होंने तिलैया डैम का भी भ्रमण किया। डीवीसी निरीक्षण भवन पहुंचने पर अधिकारियों ने उनका

गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद जस्टिस टगिया ने परिवार के साथ डैम में बोटिंग का आनंद लिया और इसकी भौगोलिक विशेषताओं की जानकारी ली। उन्होंने क्षेत्र की शांति और प्राकृतिक सौंदर्य की सराहना करते हुए कोनार डैम को बेहतरीन पर्यटन स्थल बताया। भ्रमण के बाद वे अपने अगले गंतव्य के लिए रवाना हो गए।

