विधानसभा चुनाव को लेकर रानीगंज में चुनावी माहौल तेज होता जा रहा है। इसी कड़ी में शनिवार को दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने रानीगंज विधानसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी पार्थ घोष के समर्थन में रानीगंज के बरदही इलाके मे एक विशाल जनसभा को संबोधित किया और राज्य की सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस सरकार पर जमकर निशाना साधा। इस जनसभा में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे। सभा स्थल पर पहुंचते ही रेखा गुप्ता का पार्टी नेताओं द्वारा भव्य स्वागत किया गया। इसके बाद उन्होंने मंच से उपस्थित जनसमूह का अभिवादन करते हुए अपना संबोधन शुरू किया। अपने भाषण में रेखा गुप्ता ने पश्चिम बंगाल की मौजूदा तृणमूल कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में प्रशासनिक व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है और तृणमूल कांग्रेस की नीतियों ने बंगाल की स्थिति को कमजोर कर दिया है। रेखा गुप्ता ने कहा कि यदि राज्य में भाजपा की सरकार बनती है, तो घुसपैठ पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और बाहरी तत्वों को बाहर किया जाएगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि बंगाल के संसाधनों पर पहला अधिकार यहां

के नागरिकों का है और भाजपा इस अधिकार की रक्षा करेगी। इसके साथ उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा के मुद्दे पर भी उन्होंने सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि राज्य में महिलाओं के साथ होने वाली घटनाओं पर प्रशासन की चुप्पी गंभीर चिंता का विषय है। भाजपा की सरकार बनने पर महिलाओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। इसके अलावा, उन्होंने बंगाल की सांस्कृतिक विरासत का जिक्र करते हुए कहा कि यह मां दुर्गा और छठ जैसे महान त्योहारों की भूमि है, लेकिन हाल के वर्षों में इन आयोजनों में बाधाएं उत्पन्न हो रही हैं। भाजपा सरकार बनने पर सभी त्योहारों को और अधिक भव्य तरीके से मनाया जाएगा। अपने भाषण के दौरान रेखा गुप्ता ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर भी तंज कसते हुए कहा कि वर्तमान सरकार परिवारवाद में उलझी हुई है, जिससे आम जनता की समस्याएं नजरअंदाज हो रही हैं।

