जामुड़िया विधानसभा क्षेत्र में चुनावी माहौल लगातार गर्म होता जा रहा है। इसी कड़ी में चिचुड़िया में तृणमूल कांग्रेस की एक विशाल जनसभा आयोजित की गई, जहां पार्टी की प्रमुख नेत्री और सांसद सायनी घोष ने तृणमूल कांग्रेस प्रत्याशी हरेराम सिंह के समर्थन में जनता को संबोधित किया। जामुड़िया विधानसभा क्षेत्र के चिचुड़िया में आयोजित इस जनसभा में भारी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए। चुनावी माहौल के बीच इस सभा ने पूरे इलाके में उत्साह का माहौल बना दिया। सभा में मुख्य वक्ता के रूप में पहुंचीं तृणमूल कांग्रेस की नेत्री और सांसद सायनी घोष का मंच पर भव्य स्वागत किया गया। अपने संबोधन की शुरुआत करते हुए उन्होंने जनता का अभिवादन किया और सीधे तौर पर विपक्षी दलों को निशाने पर लिया। सायनी घोष ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस हमेशा विकास और जनसेवा की राजनीति करती आई है। उन्होंने दावा किया कि राज्य

सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं का लाभ सीधे आम लोगों तक पहुंच रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि विकास की इस गति को बनाए रखने के लिए हरेराम सिंह को भारी मतों से विजयी बनाएं। वहीं, तृणमूल कांग्रेस के प्रत्याशी हरेराम सिंह ने अपने संबोधन में क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि जामुड़िया क्षेत्र में जल संकट, सड़क निर्माण और रोजगार जैसे मुद्दों को प्राथमिकता के साथ हल किया जाएगा। उन्होंने जनता को भरोसा दिलाया कि उनके आशीर्वाद से क्षेत्र के समग्र विकास के लिए वे पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे। सभा के दौरान चिचुड़िया का मैदान जनसमूह से खचाखच भरा नजर आया। समर्थकों की भारी भीड़ और उत्साह ने यह साफ संकेत दिया कि जैसे-जैसे मतदान की तारीख नजदीक आ रही है, वैसे-वैसे राजनीतिक गतिविधियां और भी तेज होती जा रही हैं।

