हजारीबाग में 13 अप्रैल को मानवता की सेवा का एक बड़ा उदाहरण देखने को मिलेगा, जब हजारीबाग यूथ विंग द्वारा लक्ष्मी सिनेमा हॉल कैंपस में भव्य रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। सुबह 9 बजे से शुरू होने वाले इस महाअभियान में 500 यूनिट रक्त संग्रह का लक्ष्य रखा गया है। शिविर में 20 बेड और 5 चेयर की व्यवस्था की गई है, ताकि अधिक से अधिक लोग आसानी से रक्तदान कर सकें। कार्यक्रम की खास बात यह

होगी कि संस्था के सदस्य सफेद जर्सी में उपस्थित रहकर रक्तदाताओं का स्वागत करेंगे, जिससे सेवा और अनुशासन का संदेश मिलेगा। संस्था के संरक्षक चंद्र प्रकाश जैन ने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ी सेवा है, जबकि अध्यक्ष करण जायसवाल ने बताया कि हर रक्तदाता को हेलमेट देकर सड़क सुरक्षा का संदेश भी दिया जाएगा। प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और आम लोगों से इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की गई है।

