हजारीबाग जिले के बड़कागांव थाना क्षेत्र में हुई ज्वेलरी दुकान लूट और गोलीबारी की घटना का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। इस मामले में सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय के अनुसार, 8 अप्रैल को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी हथियारों के साथ बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। इसके बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। छापेमारी के दौरान बड़कागांव-हजारीबाग मुख्य मार्ग पर संदिग्ध युवकों को घेराबंदी कर पकड़ा गया। पूछताछ में सभी आरोपियों ने ज्वेलरी दुकान में लूट और फायरिंग की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर

ली। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देसी पिस्टल, जिंदा कारतूस, मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह राहगीरों को डराकर लूटपाट और विरोध करने पर हिंसक वारदात की योजना बना रहा था। सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है। पुलिस ने इसे अपराध नियंत्रण की दिशा में बड़ी सफलता बताया है।

