नगर थाना क्षेत्र के कृष्णापुरी कॉलोनी से घरेलू का एक मामला सामने आया है। मामले में पुलिस जवान की पत्नी ने अपने पति पर मारपीट करने, मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और जान से मारने की कोशिश का गंभीर आरोप लगाया है। इस संबंध में उक्त महिला ने नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज करने हेतु आवेदन दिया है।नगर थाना क्षेत्र के कृष्णापुरी कॉलोनी के रहने वाली पीड़िता मौसमी मंडल, जो कि पुलिस जवान सुनील मंडल की पत्नी हैं, ने अपनी शिकायत में बताया कि सोमवार की दोपहर करीब 2 बजे जब वह घर में पूजा करते समय उनके पति ने विवाद शुरू कर दिया। इस क्रम में उनके पति सुनील मंडल ने पूजा की घंटी और मुक्कों से उनके सिर और शरीर पर वार किया, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गईं और काफी खून बह गया।आवेदन में पीड़िता ने लिखा है कि उनके पति लंबे समय से उनके साथ मारपीट और अभद्र भाषा का प्रयोग करते आ रहे हैं।

पीड़िता का आरोप है कि बच्चों के सामने उन्हें निर्वस्त्र कर पीटा जाता है और उन्हें स्वतंत्र रूप से जीने के अधिकार से वंचित किया गया है लेकिन अब यह बर्दाश्त से बाहर हो गया है।घटना के बाद पीड़िता किसी तरह एसपी व डीएसपी के पास पहुँचीं।अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद उन्हें तत्काल सदर अस्पताल पाकुड़ ले जाया गया, जहाँ उनका प्राथमिक उपचार हुआ। पीड़िता ने अस्पताल की OPD पर्ची संलग्न करते हुए नगर थाना प्रभारी को लिखित आवेदन देकर न्याय की मांग की है। पीड़िता ने कहा कि मैं अपने जीवन में बहुत असहाय हो चुकी हूँ। मेरे बच्चे मुझे बचाने में असमर्थ रहे। अब मैं और मार बर्दाश्त नहीं कर सकती।वहीं पीड़िता ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि मामले की गहन जांच की जाए और आरोपी पति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

