आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के अंतर्गत रानीगंज थाना क्षेत्र की बल्लभपुर फांड़ी पुलिस ने सोमवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एक यात्री बस से भारी मात्रा में नकदी के साथ एक व्यापारी को हिरासत में लिया। यह कार्रवाई फांड़ी प्रभारी (आईसी) पार्थ प्रतिम चक्रवर्ती के नेतृत्व में की गई। सूत्रों के अनुसार, सीमावर्ती इलाकों में अवैध रूप से बड़ी नकदी के आवागमन की सूचना मिलने के बाद पुलिस पहले से ही सतर्क थी। इसी के तहत सोमवार की देर शाम साहेबगंज मोड़ पर विशेष नाका चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इस दौरान “चैताली” नामक एक यात्री बस को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान एक यात्री के पास से 3 लाख 72 हजार 632 रुपये नकद बरामद किए गए। पूछताछ में उसकी पहचान अरूप अग्रवाल के रूप में हुई, जो बांकुड़ा जिले के मेजिया ब्लॉक का निवासी बताया जा रहा है। प्राथमिक पूछताछ में उक्त व्यक्ति ने खुद को

दाल व्यवसायी बताया और कहा कि वह व्यावसायिक कार्य से रानीगंज आ रहा था। हालांकि, बरामद नकदी के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाने के कारण पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है। नकदी के स्रोत, उसके उपयोग और संभावित अवैध गतिविधियों के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जा रही है। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हलचल तेज हो गई है। वहीं, पुलिस की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई की स्थानीय लोगों द्वारा सराहना की जा रही है।

