दिलीप बिल्डकॉन कंपनी लिमिटेड द्वारा अपने कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व कार्यक्रम के अंतर्गत जिले में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में सराहनीय पहल की गई। इस क्रम में पाकुड़ खेल अकादमी (फुटबॉल) एवं डे बोर्डिंग क्रीड़ा प्रशिक्षण केंद्र (वॉलीबॉल) के खिलाड़ियों के बीच आवश्यक खेल सामग्री का वितरण किया गया। यह वितरण कार्यक्रम स्थानीय बैंक कॉलोनी स्टेडियम में आयोजित किया गया, जिसमें जिला क्रीड़ा पदाधिकारी राहुल कुमार एवं डीबीएल के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।कार्यक्रम के दौरान खिलाड़ियों को खेल से संबंधित आवश्यक सामग्रियां प्रदान की गईं, जिससे उनके प्रशिक्षण एवं प्रदर्शन को और सुदृढ़ बनाने में

सहायता मिलेगी। मौके पर जिला क्रीड़ा पदाधिकारी ने डीबीएल के इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रयासों से ग्रामीण एवं उभरते खिलाड़ियों को बेहतर संसाधन उपलब्ध होते हैं, जिससे वे अपने खेल कौशल को और बेहतर ढंग से विकसित कर पाते हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह की सहयोगात्मक पहल से जिले में खेल संस्कृति को मजबूती मिलती है।डीबीएल के प्रतिनिधि ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि सफलता प्राप्त करने के लिए निरंतर अभ्यास, अनुशासन और समर्पण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने खिलाड़ियों को अपने लक्ष्य के प्रति प्रतिबद्ध रहते हुए आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

