हजारीबाग में निर्देश: 15 अप्रैल तक पूरा राशन वितरण करें |

हजारीबाग में निर्देश: 15 अप्रैल तक पूरा राशन वितरण करें |

हजारीबाग : उपायुक्त श्री शशि प्रकाश सिंह के निर्देशानुसार सोमवार को समाहरणालय सभागार में आपूर्ति विभाग की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम एवं झारखंड राज्य खाद्य सुरक्षा योजना के अंतर्गत संचालित योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी श्री मुरली यादव ने आरसीएमएस, सेल्फ सरेंडर, डोर स्टेप डिलीवरी, जन वितरण प्रणाली (पीडीएस) विक्रेताओं की स्थिति, चना-दाल, चीनी, नमक वितरण, गोदामों की स्थिति, सोना-सोबरन अंत्योदय योजना, मिट्टी तेल वितरण तथा सफेद एवं ग्रीन राशन कार्ड की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली एवं प्रगति हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिए। जिला आपूर्ति पदाधिकारी ने भारत सरकार द्वारा उपलब्ध कराए गए अयोग्य राशन कार्डधारियों की सूची के अनुसार विलोपन सुनिश्चित करने, कम खाद्यान्न वितरण वाले क्षेत्रों में सुधार लाने तथा पीजीएमएस (PGMS) में लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करने का निर्देश दिया।

सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को क्षेत्र भ्रमण कर पीडीएस डीलरों के कार्यों की समीक्षा करने एवं अपने लॉगिन में लंबित आवेदनों का शीघ्र निष्पादन कर शून्य करने, पात्र लाभुकों के आवेदनों को स्वीकृत करने तथा अपात्र, मृत अथवा राशन कार्ड सरेंडर किए गए मामलों में जांचोपरांत अग्रेतर कार्रवाई करने का निर्देश दिया। सभी बीसीओ को “वन नेशन वन राशन कार्ड” योजना के अंतर्गत राशन उठाव करने वाले लाभुकों का वेरिफिकेशन कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया। साथ ही विलोपित एवं रिजेक्टेड मामलों की जांच अपने स्तर से करने का निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिया गया। इसके अतिरिक्त उन्होंने अप्रैल माह के राशन 15 अप्रैल तक शत-प्रतिशत वितरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बैठक में मिट्टी तेल वितरण के संबध में भी आवश्यक दिशा निर्देश दिया गया। बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी, सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *