कैमूर के भभुआ स्थित राजद कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में पूर्व विधायक प्रत्याशी अजीत सिंह ने खेलो इंडिया योजना पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने इस योजना को “अधिकारियों की लूट योजना” बताते हुए उच्चस्तरीय जांच की मांग की। अजीत सिंह ने कहा कि योजना के तहत बनाए गए अधिकांश खेल मैदानों और सुविधाओं की गुणवत्ता बेहद खराब है, जिससे खिलाड़ियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वॉलीबॉल, बास्केटबॉल समेत कई खेल सुविधाएं उपयोग के योग्य नहीं हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि स्कूलों को दी गई खेल सामग्री की राशि में भी गड़बड़ी हो रही है और एक तय ठेकेदार से खरीद का दबाव बनाया जा

रहा है, जिससे पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। इसके अलावा, कई स्थानों पर बने मिनी स्टेडियम और खेल मैदान मानकों के अनुरूप नहीं हैं और कुछ जगहों पर निर्माण कार्य अधूरा है। उन्होंने सभी निर्माण कार्यों की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की, साथ ही खिलाड़ियों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

