केदारनाथ धाम में बीती रात से लगातार बर्फबारी हो रही है, जिससे पूरे क्षेत्र में फिर से बर्फ की मोटी चादर बिछ गई है। हाल ही में जिन रास्तों से बर्फ हटाई गई थी, वे एक बार फिर पूरी तरह ढक गए हैं। मंदिर परिसर भी पूरी तरह बर्फ से ढका हुआ है। लगातार बर्फबारी के कारण वहां चल रही यात्रा तैयारियों के कार्य प्रभावित हो गए हैं। बदरी-केदार मंदिर समिति के सदस्य ने बताया कि लगातार बर्फबारी से व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से

तैयार करना मुश्किल हो गया है। माइनस तापमान में तैनात जवान न केवल सुरक्षा व्यवस्था संभाल रहे हैं, बल्कि बर्फ हटाने के कार्य में भी जुटे हुए हैं। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते व्यवस्थाएं पूरी नहीं हुईं, तो तीर्थ यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। मौसम साफ होते ही प्रशासन और एजेंसियां व्यवस्थाओं को जल्दी दुरुस्त करने के लिए काम कर रही हैं, ताकि 22 अप्रैल को प्रस्तावित कपाट खुलने की तैयारी प्रभावित न हो।

