बिहार के भभुआ के दुर्गावती थाना क्षेत्र के गोरार गांव में दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां तालाब में नहाने गई 6 वर्षीय बच्ची ऋषि कुमारी की डूबने से मौत हो गई। गुरुवार सुबह करीब 9 बजे ऋषि अपनी छोटी बहन के साथ गांव के पास तालाब में नहाने गई थी। इसी दौरान वह गहरे पानी में चली गई और डूबने लगी।

छोटी बहन ने घर पहुंचकर परिजनों को जानकारी दी। परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी खोजबीन के बाद बच्ची को बाहर निकाला, लेकिन अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत से परिवार में कोहराम मचा है, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

