मालदा में मतदाता सूची से नाम हटाने को लेकर भारी विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। कालीचक के बीडीओ ऑफिस में हालात उस समय तनावपूर्ण हो गए जब प्रदर्शनकारियों ने कार्यालय का घेराव कर दिया। बताया जा रहा है कि कलकत्ता हाई कोर्ट द्वारा नियुक्त 7 न्यायिक अधिकारी कई घंटों तक कार्यालय के अंदर फंसे रहे। प्रदर्शन देर रात तक जारी रहा, जिसके बाद पुलिस और केंद्रीय बलों की मदद से सभी अधिकारियों को सुरक्षित

बाहर निकाला गया। ये अधिकारी मतदाता सूची में नाम हटाने से जुड़े मामलों की जांच और निपटारे के लिए नियुक्त किए गए थे। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि कई लोगों के नाम गलत तरीके से हटाए जा रहे हैं, जिससे लोगों में आक्रोश है। फिलहाल इलाके में स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और प्रशासन मामले पर नजर बनाए हुए है।

