पटना के बोरिंग रोड इलाके में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए, जब बदमाशों ने एक कारोबारी को गोली मार दी। घायल कारोबारी की पहचान दिलीप कुमार सिंह के रूप में हुई है, जो श्याम रजक के करीबी बताए जा रहे हैं। मंगलवार रात करीब 9 बजे, दिलीप कुमार सिंह जैसे ही अपने अपार्टमेंट पहुंचे और कार से उतरकर लिफ्ट की ओर बढ़े, तभी पीछे से आए दो अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। हमलावरों ने तीन राउंड गोली चलाई, जिसमें एक गोली उनके पेट के पास लगकर आर-पार हो गई। घायल अवस्था में उन्हें तुरंत निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में एक आरोपी हेलमेट पहने दिख रहा है, जिससे पहचान मुश्किल हो रही है। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों हमलावर बाइक से अटल पथ की ओर फरार हो गए। पुलिस दर्जनों सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आशंका है कि घटना से पहले रेकी की गई थी। फिलहाल अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी गई है।

