भभुआ में नवमी के अवसर पर प्रभु श्रीराम की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। जुलूस में ‘जय श्री राम’ के नारों, आकर्षक झांकियों और सुंदर नृत्य प्रस्तुतियों ने लोगों का मन मोह लिया। हजारों श्रद्धालु सड़कों पर उतरे और पूरे शहर को भगवामय बना दिया। शिवाजी ग्रुप, शक्ति नगर ग्रुप, बाल सखा समिति, महावीरगंज अखाड़ा और कंचन नगर सहित कई पूजा समितियों ने अपने-अपने क्षेत्रों से झांकियां निकालीं। वहीं सुबह महावीर मंदिर से

सैकड़ों युवाओं ने बाइक रैली भी निकाली, जिसमें पुलिस बल आगे-पीछे सुरक्षा में तैनात रहा। शोभायात्रा के दौरान प्रशासन ने कड़ी व्यवस्था की थी। जिलाधिकारी नितिन कुमार, एसपी हरिमोहन शुक्ला समेत अधिकारियों की निगरानी में करीब 130 स्थानों पर मजिस्ट्रेट और पुलिस बल तैनात रहे। जुलूस के दौरान शहर में जगह-जगह श्रद्धालुओं के लिए शरबत, पानी और प्रसाद के स्टॉल लगाए गए। प्रशासन की मुस्तैदी के चलते पूरे जिले में कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ और किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।

