हजारीबाग में रामनवमी के अवसर पर रामनवमी संरक्षण समिति द्वारा दो दिवसीय भव्य दंगल कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस पारंपरिक आयोजन में देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ नेपाल से भी नामी पहलवानों ने भाग लिया, जिससे प्रतियोगिता का स्तर और आकर्षण बढ़ गया। कार्यक्रम की शुरुआत पूजा-अर्चना के साथ हुई। नगर निगम के मेयर अरविंद राणा, समिति अध्यक्ष प्रशांत प्रधान समेत अन्य गणमान्य लोगों ने दीप प्रज्ज्वलित कर दंगल का उद्घाटन किया। इसके बाद हनुमान चालीसा पाठ के साथ माहौल भक्तिमय हो गया। दंगल में विभिन्न राज्यों के पहलवानों ने अपने दांव-पेंच का शानदार प्रदर्शन किया, जिसे देखने के लिए

बड़ी संख्या में दर्शक पहुंचे। पूरे आयोजन में उत्साह और परंपरा का संगम देखने को मिला। आयोजकों ने बताया कि इस तरह के आयोजन का उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रखकर खेल और व्यायाम की ओर प्रेरित करना है। वहीं मेयर अरविंद राणा ने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं नियमित रूप से होनी चाहिए, ताकि स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर मंच मिल सके। यह आयोजन खेल प्रतिभाओं को मंच देने के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता और सांस्कृतिक परंपरा को भी मजबूत करने का काम कर रहा है।

