रामनवमी पर्व के शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण आयोजन को लेकर जिला प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां की गई हैं। पर्व के मद्देनजर विधि व्यवस्था के सफल संधारण हेतु जिला स्तरीय पदाधिकारियों, सभी थाना प्रभारियों, बीडीओ, सीओ, प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की ब्रीफिंग उपायुक्त मनीष कुमार एवं पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी द्वारा की गई। उपायुक्त ने सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपनी ड्यूटी स्थल पर समय से पूर्व पहुंचना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि समय पर उपस्थिति अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि थोड़ी सी लापरवाही भी संवेदनशील स्थिति उत्पन्न कर सकती है। इस बार नियंत्रण कक्ष द्वारा सभी तैनात पदाधिकारियों की उपस्थिति की सघन निगरानी की जाएगी तथा आवश्यकतानुसार फोटो के माध्यम से सत्यापन भी किया जाएगा। लापरवाही पाए जाने पर वेतन स्थगित करने सहित सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी पदाधिकारियों को पूर्णतः निष्पक्ष भाव से दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार का पक्षपात या पूर्वाग्रह ड्यूटी में नहीं झलकना चाहिए। साथ ही यह सुनिश्चित करें कि ड्यूटी समाप्त होने तक कोई भी पदाधिकारी अपने स्थल को न छोड़े और अंतिम समापन तक सतर्क बना रहे। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि जुलूस के दौरान एम्बुलेंस एवं अग्निशमन वाहनों को प्राथमिकता दी जाए तथा आवश्यकतानुसार उन्हें सुरक्षित मार्ग प्रदान किया जाए। सभी स्थलों पर सीसीटीवी, संचार व्यवस्था एवं आवश्यक उपकरण पूरी तरह कार्यरत रहें। संवेदनशील क्षेत्रों में सीसीटीवी एवं ड्रोन कैमरों के माध्यम से निगरानी की

जाएगी। सभी अखाड़ों की वीडियोग्राफी कराई जाएगी तथा सोशल मीडिया पर सतत निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि जुलूस का निर्धारित मार्ग ही मान्य होगा, इसमें किसी प्रकार का परिवर्तन नहीं किया जाएगा। प्रत्येक जुलूस में मेडिकल किट की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए तथा बीडीओ/सीओ एवं थाना प्रभारी अपने सूचना तंत्र को सक्रिय रखें।अग्निशमन एवं स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट मोड में रहने तथा आवश्यकतानुसार संसाधनों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने आमजनों से अपील किया कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें। यदि कोई संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति नजर आए, तो तत्काल स्थानीय प्रशासन अथवा थाना को सूचित करें।उन्होंने कहा कि आपत्तिजनक एवं अश्लील गानों के प्रसारण पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा और उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि रामनवमी केवल एक पर्व नहीं, बल्कि जन आस्था का प्रतीक है, जो हमें अनुशासन एवं संयम का संदेश देता है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे पूर्णतः निष्पक्ष एवं संयमित रहते हुए अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें तथा किसी भी स्थिति में जुलूस का हिस्सा न बनें। उन्होंने कहा कि ड्यूटी के दौरान अफवाहों पर ध्यान न दें तथा केवल वरीय पदाधिकारियों के निर्देशों का पालन करें। मीडिया प्रतिनिधियों से भी अपील की गई कि वे किसी भी सूचना को सत्यापन के बिना प्रसारित न करें।

