जिले में अवैध हथियार के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक आरोपी किन्नर समुदाय से जुड़ा बताया गया है। प्रेस कांफ्रेंस में एसडीपीओ दयानंद आजाद ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि सिद्धो कान्हु पार्क के पास कुछ लोग आपस में झगड़ा कर रहे हैं और उनके पास हथियार भी है। सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस और टाइगर मोबाइल टीम को तत्काल मौके पर भेजा गया। पुलिस टीम जैसे ही वीआईपी रोड स्थित पार्क के पास पहुंची, दो संदिग्ध व्यक्ति भागने लगे। पुलिस ने दोनों को खदेड़कर पकड़ लिया। तलाशी के दौरान एक आरोपी के कमर से काले रंग का अवैध देशी कट्टा बरामद

किया गया। इस बाबत नगर थाना कांड संख्या 56/2026 के तहत आर्म्स एक्ट की धारा 25(1-B)a/26/35 के अंतर्गत केस दर्ज किया गया है। दोनों गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साल्फी शेख (निवासी मनिरामपुर)और सागीर शेख (निवासी अंजना) के रूप में हुई है। सागीर शेख किन्नर समुदाय से संबंधित बताया गया है। एसडीपीओ डी.एन. आजाद ने स्पष्ट किया कि पाकुड़ पुलिस अवैध हथियार और असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है। ऐसे मामलों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। छापेमारी दल में सहायक अवर निरीक्षक अयोध्या सिंह, आरक्षी गंगासागर साह, राजेश कुमार झा और संतोष राम शामिल थे।

