ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव का असर अब पूरी दुनिया पर दिखने लगा है। खाड़ी क्षेत्र में हालात लगातार तनावपूर्ण बने हुए हैं, जिससे एलपीजी और कच्चे तेल की आपूर्ति पर असर पड़ा है। कई देशों में ईंधन की किल्लत के संकेत मिलने लगे हैं। जिससे वैश्विक बाजार में हड़कंप मचा हुआ है। भारत समेत कई देश इस स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। इसी बीच डोनाल्ड ट्रंप के बयान ने हालात को नया मोड़ दे दिया है। ट्रंप ने साफ संकेत दिया है कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर नियंत्रण को लेकर अमेरिका अब पीछे हट रहा है। उन्होंने कहा कि इस मसले से अमेरिका का कोई लेना-देना नहीं है और अन्य देश खुद स्थिति संभालें। विशेषज्ञों के मुताबिक, यह

बयान इस बात का संकेत है कि होर्मुज पर नियंत्रण को लेकर अमेरिका के रुख में नरमी आई है। पहले जहां अमेरिका इस रणनीतिक जलमार्ग को लेकर आक्रामक नजर आ रहा था, वहीं अब उसके तेवर बदलते दिख रहे हैं। फिलहाल यह साफ नहीं है कि यह तनाव किस दिशा में जाएगा, लेकिन ऊर्जा आपूर्ति और वैश्विक अर्थव्यवस्था पर इसका असर लगातार बढ़ता जा रहा है।

