कुम्हारटोली स्थित सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में नव वर्ष के अवसर पर भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन, शिक्षक, अभिभावक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शोभायात्रा विद्यालय परिसर से शुरू होकर विष्णुपुरी, रामनगर, महावीर स्थान, संकटमोचन मंदिर और पीपल चौक होते हुए वापस विद्यालय पहुंची।

इस दौरान विद्यार्थियों ने झांकियों और नारों के माध्यम से भारतीय संस्कृति, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक एकता का संदेश दिया। रास्ते में स्थानीय लोगों ने भी यात्रा का स्वागत कर बच्चों का उत्साह बढ़ाया। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से छात्रों में नैतिक मूल्यों और अनुशासन का विकास होता है। कार्यक्रम का समापन विद्यालय परिसर में हुआ, जहां नव वर्ष को सकारात्मक ऊर्जा और उल्लास के साथ मनाने का संदेश दिया गया।

