धनबाद के बस्ताकोला में एलपीजी संकट गहराता जा रहा है। हालात ऐसे हैं कि लोग सुबह 5 बजे से ही गैस एजेंसियों के बाहर लंबी कतारों में खड़े हो रहे हैं, लेकिन घंटों इंतजार के बाद भी कई उपभोक्ताओं को खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। महिलाओं और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि एजेंसी पर पर्याप्त सिलेंडर नहीं मिल रहे, जबकि कुछ जगहों पर कालाबाजारी की भी

आशंका जताई जा रही है। लोगों का कहना है कि खुले बाजार में ज्यादा कीमत देकर आसानी से गैस मिल रही है, लेकिन एजेंसी पर स्टॉक खत्म बताया जा रहा है। इस संकट से आम जनजीवन प्रभावित हो गया है। लोगों को खाना बनाने में दिक्कत हो रही है। उपभोक्ताओं ने प्रशासन से जांच कर कार्रवाई की मांग की है, ताकि कालाबाजारी पर रोक लगे और सभी को समय पर गैस उपलब्ध हो सके।

