आगामी पर्व ईद, रामनवमी, सरहुल एवं चैती दुर्गापूजा के शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक की संयुक्त अध्यक्षता में जिला स्तरीय पदाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों, अंचलाधिकारियों एवं थाना प्रभारियों के साथ एक समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी संवेदनशील स्थलों, जुलूस मार्गों, भीडभाड़ वाले क्षेत्रों तथा पिछले वर्षों के अनुभवों के आधार पर आवश्यक तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। साथ ही, विधि व्यवस्था संधारण को लेकर आवश्यक निर्देश दिए गए। बैठक में सभी संबंधित पदाधिकारियों को दायित्वों के निर्वहन सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ करने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि संवेदनशील स्थलों की विशेष निगरानी की जाए तथा साफ सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं को सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने यह भी कहा

कि अफवाहों पर विशेष नजर रखें और सोशल मीडिया पर भ्रामक खबरों का त्वरित खंडन किया जाए, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।पुलिस अधीक्षक ने कहा कि पर्वों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क एवं प्रतिबद्ध है। सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया गया है कि अपने क्षेत्रों में नियमित गश्ती बढ़ाएं एवं असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखें। उन्होंने कहा कि जुलूसों के निर्धारित मार्ग का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए तथा किसी भी प्रकार के तेज ध्वनि या भड़काऊ गतिविधियों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, उन्होंने आम जनता से अपील किया कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या सूचना की तुरंत पुलिस को जानकारी दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

