धनबाद में सनसनीखेज मामला सामने आया है। बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के कासियाटांड़ इलाके में एक बंद पड़े पत्थर क्रेशर के पास करीब 80 फीट गहरी खदान से अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में भीड़ जुट गई और पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई। खदान की गहराई और कठिन हालात के कारण शव को बाहर निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।

स्थानीय लोगों के मुताबिक शव से तेज दुर्गंध आ रही थी, जिससे अंदाजा है कि मौत 2–3 दिन पहले हुई होगी। मृतक की उम्र करीब 40 से 45 साल बताई जा रही है। सिर पर गहरे चोट के निशान मिलने से हत्या की आशंका जताई जा रही है। लोगों का मानना है कि हत्या के बाद शव को छिपाने के लिए खदान में फेंका गया। फिलहाल पुलिस मृतक की पहचान करने और सभी पहलुओं से जांच में जुटी है।

